नई दिल्ली .... सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून 2026 तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वहां के लोगों में उत्साह का माहौल है। भारतीय समुदाय के सदस्यों ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में प्रधानमंत्री के आगमन पर खुशी जताई। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले सेशेल्स की एक नागरिक ने कहा, ‘हमारी आजादी की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर उनका यहां आना हमारे लिए खुशी की बात होगी। हम उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत के साथ हमारे संबंध मजबूत हुए हैं और हम इन्हें आगे भी और मजबूत करना चाहते हैं।’ एक बांग्लादेशी नागरिक ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अच्छे हैं। पड़ोसी देश भारत भी अच्छा है। दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे। भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा, ‘हमें बेहद खुशी है कि भारत के प्रधानमंत्री यहां आ रहे हैं। इससे दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे तथा व्यापार बढ़ेगा। सैन्य और सुरक्षा के क्षेत्र में सेशेल्स हमारे लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार है। यहां बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं, जो सेशेल्स की अर्थव्यवस्था और व्यापार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।