लखनऊ .... यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने सपा पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में पहचान का संकट था, बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। नौजवानों के पास रोजगार नहीं था। जब भी कोई सरकारी विज्ञापन या भर्ती निकलती थी, तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। इस धांधली के कारण न्यायालय को भर्तियों पर रोक लगानी पड़ती थी। विकास कार्यों जैसे सड़क और पुल के लिए सरकार के पास कोई पैसा नहीं होता था। तब केवल दो लोगों का विकास होता था, एक सैफई परिवार और दूसरा रामपुर का एक परिवार।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के मुद्दे पर जारी सियासी घमासान के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। रामपुर में 690 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे और ‘जय श्रीराम’ के नारों का विरोध करते थे, वही आज आस्था की दुहाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर के शाहबाद में करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चाकू अगर गलत व्यक्ति के हाथ में पड़ जाए तो वह उससे डकैती डालेगा। सपा ने रामपुर के चाकू का दुरुपयोग किया, जमीनों पर कब्जे किए, लोगों को प्रताड़ित किया और उनका शोषण किया। भाजपा सरकार आने के बाद कानून का राज स्थापित हुआ और रामपुर की पहचान अब उद्योग, सुरक्षा और विकास से जुड़ रही है। दावा किया कि भाजपा सरकार में यही चाकू अब हुनर, रोजगार और सुरक्षा का प्रतीक बन रहा है। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा विवाद के बीच सीएम योगी ने कहा कि आज भगवान रामभक्ति की दुहाई कौन दे रहा है! 2017 के पहले जो जय श्रीराम बोलने पर जो लाठी मारते थे। 2017 के पहले जब उत्तर प्रदेश में रामभक्त कहता था कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे.. उन रामभक्तों पर जो गोली चलाते थे आज वो आस्था की वकालत करते दिखाई देते हैं। मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ये आपकी ताकत है कि आज उनको आप का पिछलग्गू बनने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अब उन्हें अपने आप पर कर्मों पर पश्चाताप होता होगा कि समाजवादी पार्टी गलत थी। रामपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रफ्तार उसके मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर करती है।