लखनऊ.... उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल के पेशेवर दौर की शुरुआत गुरुवार को ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के रूप में हुई। केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए उद्घाटन दिवस के मुकाबलों में काशी किंग्स, मथुरा ब्रजस्टार और गाजियाबाद पैंथर्स ने जीत दर्ज कर शानदार आगाज़ किया।
लीग का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा मिला है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है।
उद्घाटन मैच में काशी किंग्स ने गोरखपुर राउडीज को 19-17 से हराया। टीम की जीत में अविनाश ने 9 गोल कर अहम भूमिका निभाई और मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर बने। अनीश यादव और मोहित घंघास ने भी तीन-तीन गोल किए। दूसरे मुकाबले में मथुरा ब्रजस्टार ने बर्बरीक वारियर्स को 34-29 से पराजित किया। निहाल जायसवाल और रवि ने 10-10 गोल कर टीम को जीत दिलाई, जबकि शिवा ने 8 गोल किए। तीसरे मैच में गाजियाबाद पैंथर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स को 27-21 से हराया। मोहित ने 8 गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।