वाशिंगटन... अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि सोमवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से 34 जहाज गुजरे हैं, जो नाकेबंदी शुरू होने के बाद से अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
श्री ट्रंप एक बार फिर दावा किया कि ईरान सैन्य और अन्य रूप से 'पूरी तरह से तबाह' हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया, विशेष रूप से न्यूयॉर्क टाइम्स पर 'फर्जी खबरें' फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे यह दिखा रहे हैं कि ईरान जीत रहा है या बेहतर स्थिति में है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा, " इस तथ्य के बावजूद कि ईरान सैन्य और अन्य रूप से पूरी तरह से तबाह हो चुका है, असफल होते न्यूयॉर्क टाइम्स को पढ़ने वालों को लगेगा कि ईरान वास्तव में जीत रहा है या कम से कम काफी अच्छा कर रहा है, लेकिन यह सच नहीं है।"
श्री ट्रंप ने कहा कि न्यूयॉर्क टाइम्स जानता है कि यह फर्जी खबर है। उन्होंने सवाल किया, "यह भ्रष्ट मीडिया संस्थान मेरे, मेरे समर्थकों और हमारे देश के खिलाफ अपने झूठ और भयानक कृत्यों के लिए कब माफी मांगेगा?"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार को दावा किया था कि ईरान की नौसेना 'समुद्र के तल में पड़ी है, पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है'। इसके साथ ही उन्होंने 158 जहाजों का आंकड़ा भी दिया था।
श्री ट्रंप ने कहा, "हमने उनके उन छोटे जहाजों को नहीं मारा है जिन्हें वे 'फास्ट अटैक शिप' कहते हैं, क्योंकि हमने उन्हें बड़ा खतरा नहीं माना।" उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इनमें से कोई भी जहाज अमेरिकी नाकेबंदी के करीब आया, तो उन्हें तुरंत खत्म कर दिया जाएगा। इसके लिए उसी 'किल सिस्टम' का उपयोग किया जाएगा जो अमेरिका समुद्र में नावों पर सवार ड्रग डीलरों के खिलाफ करता है।