नई दिल्ली ... पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि राज्य की भाजपा सरकार दक्षिणेश्वर और कालीघाट मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं को बेहतर करने के लिए बड़े विकास कार्य शुरू करेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी श्रावणी मेले के लिए तारकेश्वर में भव्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में काम शुरू हो चुका है।
सीएम ने कहा, गंगासागर मेले को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। वहीं, दक्षिणेश्वर और कालीघाट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि सनातन धर्म के अनुयायी के तौर पर शामिल हुए हैं और ऐसे आयोजनों में उनकी राजनीतिक पहचान का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कार्यक्रम में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष श्री गोविंद देव गिरि जी महाराज को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल रोजगार की कमी और व्यापक भ्रष्टाचार से जूझता रहा। उन्होंने कहा कि तृणमूल शासन में विकास की बजाय तुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने आरोप लगाया, वोट बैंक की राजनीति के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों को जानबूझकर खुला रखा गया और सनातनियों को धार्मिक आयोजनों की अनुमति के लिए अदालतों का दरवाजा खटखटाना पड़ता था।