नयी दिल्ली,.... प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को स्वदेशी और महिला स्वास्थ्य का मंत्र दिया।
श्री मोदी ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमें स्वदेशी को अपनाना होगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से स्वदेशी वस्तुओं को बेचने वाले दुकान के बाहर छोटा सा बोर्ड लगाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के दुकानदारों को स्वदेशी वस्तुओं को रखने और बेचने पर गर्व होना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सुरक्षा को बढ़ावा देते हुए कहा कि देश भर में 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान भी चल रहा है। यह देश की बहनों, बेटियों के स्वास्थ्य की जांच का बहुत बड़ा अभियान है। अब तक इस तरह के लाखों कैंप में तीन करोड़ से ज्यादा महिलाओं की मुफ्त जांच हो चुकी है। इसमें टीबी, स्तन कैंसर, गर्भाशय कैंसर जैसी अनेक बीमारियों की जांच कर पता लगाया जा रहा है। महिला स्वास्थ्य को लेकर 'स्वस्थ नारी, सशक्त सशस्त्र परिवार' अभियान से बड़ी मदद मिल रही है।
श्री मोदी ने दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं से इस अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।