नयी दिल्ली.... राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , कई केंद्रीय मंत्रियों , विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा भारतीय जनता पार्टी के अनेक नेताओं ने वरिष्ठ पार्टी नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज श्री मल्होत्रा के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पाजंलि अर्पित की और उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी उनके आवास पर जाकर श्री मल्होत्रा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री मल्होत्रा के आवास पर गये और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इसके बाद प्रधानमंत्री ने उनके परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। श्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन से गहरा दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"
श्री मल्होत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, भाजपा नेता विनोद तावड़े, तरूण चुघ, प्रवेश वर्मा,कई मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारियों शामिल थे जिन्होंने अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री मल्होत्रा के निधन पर एक्स पर एक पोस्ट में लिखा " भाजपा के वरिष्ठ सदस्य विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। "
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में संवदेना व्यक्त करते हुए लिखा "भाजपा के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन का अत्यंत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति दे। "