नई दिल्ली ... राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने नीट यूजी की पुनर्परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए स्पष्टीकरण जारी किया है। एनटीए ने प्रश्नपत्र लीक होने, पहले से उपलब्ध होने या बेचे जाने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल दावों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मैसेज छात्रों और उनके अभिभावकों को ठगने के उद्देश्य से फैलाए जा रहे हैं। एनटीए के अनुसार, कुछ संगठित गिरोह परीक्षा को लेकर छात्रों की चिंता का फायदा उठाकर नकली प्रश्नपत्र बेचने के नाम पर धन वसूलने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि ऐसे सभी दावे पूरी तरह फर्जी हैं। एनटीए ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा और पारदर्शिता पूरी तरह बरकरार है तथा निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं लागू हैं। एजेंसी ने बताया कि फर्जी दावे फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स, चैनलों और अन्य ऑनलाइन माध्यमों की पहचान की जा रही है। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित प्लेटफॉर्म्स और साइबर अपराध से जुड़ी एजेंसियों को सूचना दी गई है। एजेंसी ने नीट यूजी 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अफवाहों से दूर रहकर अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें। एनटीए ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय तरीके से आयोजित किया जाएगा।