जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में तड़तड़ाई गोलियां, एक की मौत, दूसरा घायल
- घायल की हालत गम्भीर, वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज, घटना से थर्राया इलाका
- बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद समेत दो-तीन अज्ञात के खिलाफ केस हुआ दर्ज
- एसपी विनय कुमार सिंह ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, मोहांव गांव के पासी पुरवा में छाया मातम
- हमलावरों ने ग्रामीणों को दहशतजदा करने के लिए कई राउंड की थी हवाई फायरिंग
गाजीपुर (डीएनएन)। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहांव ग्रामसभा के पासी टोला (पासी पुरवा) बस्ती में सोमवार की रात करीब 10.30 बजे जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। इस दौरान गोली लगने से एक युवक की जहां मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक अन्य युवक गम्भीर रुप से घायल हो गया। अचानक हुई फायरिंग की घटना से पूरा इलका थर्रा उठा। इस हौलनाक घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर ग्रामीणों में दहशत फेलाने की नियत से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इस मामले में बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। घायल का इलाज वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक पासी बस्ती में रात में जुआ खेला जा रहा था। इस दौरान बकराबाद गंाव के भी कुछ लोग वहां जुआ खेलने के आ गये। जुए के खेल में हार-जीत को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद एक पक्ष के दबंग व्यक्ति ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। पिस्टल से निकली गोलियां वहां मौजूद 25 वर्षीय अजय पासी पुत्र प्रकाश पासी व सुरेन्द्र भरती पुत्र बिरजू को लगी और दोनों मौके पर लहूलुहान होकर गिर गये। इस दौरान घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों में दहशत फैलाने की नियत से हमलावरों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की और अंधेरे में मौके से फरार हो गये। आनन-फानन में दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गम्भीर बताते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान डाक्टरों ने अजय पासी को मृत घोषित कर दिया। अंधाधुंध फायरिंग और मर्डर होने की जानकारी होेते ही पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे। जिले के कई आला पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक व घायल के परिजनों से बातचीत की। इस दौरान पूरे गांव के लोग खौफजदा नजर आये। पुलिस ने ग्रामीणों के बतायेनुसार हमलावरों को दबोचने के लिए रात में ही कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल युवक की हालत खतरे से बाहर हैं।
इनसेट
अवैध असलहों से लैस से सभी हमलावर
ग्रामीणों के मुताबिक हमलावर गांव में जुआ खेलने की नियत से ही आते थे, लेकिन वह पहले से ही शराब के नशे में धुत थे। किसी को भी यह नहीं पता था कि हमलावर अवैध असलहों से लैस होकर जुआ खेलने के लिए आये हुए हैं। इसकी जानकारी तो तब हुई जब मामूली विवाद के बाद हमलावरों ने अपने-अपने हथियार निकाल किये और दूसरे पक्ष के लोगों को ललकारने लगे। पहले तो लोगों ने समझा कि यह लोग सिर्फ भौकाल बना रहे हैं, लेकिन कुछ ही पल में जब उन लोगों ने फायरिंग करना शुरु कर दिया तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इनसेट
नामजद आरोपी संजय बिंद पर पूर्व में भी दर्ज हैं कई केस
पुलिस के अुनसार नामजद आरोपी बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है। हाल फिलहाल में ही वह एक गम्भीर केस में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने संजय बिंद की पहचान की है। इसके अलावा भी वहां मौजूद उसके दो-तीन साथियों को ग्रामीणों ने पहचान लिया है।
इनसेट
मोहांव गांव के पासी पुरवा में हुए गोलकांड की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी विनय कुमार सिंह ने ग्रामीणों से घटना के सम्बंध में पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से इस बात की भी जानकारी ली कि क्या हमलवारों व दूसरे पक्ष के लोगों के बीच कोई पुरानी रंजिश थी। हालांकि पुरानी रंजिश की कोई बात खुलकर सामने नहीं आई, लेकिन ग्रामीणों ने इतना जरुर बताया कि नाजमद आरोपी संजय बिंद काफी दबंग और मनबढ़ किस्म का व्यक्ति हैं। वह अपना बर्चास्व कायम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। ग्रामीणों के बयान और मृतक व घायलों के परिजनों से पूछताछ करने के बाद एसपी ने मौके पर मौजूद अपने मातहतों को सख्त निर्देश दिया कि वह जल्द से जल्द नामजद आरोपियों को दबोचकर इस केस की कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाये। एसपी के निर्देश पर आरोपियों को दबोचने के लिए स्वॉट समेत सर्विलांस व शहर कोतवाली पुलिस टीम ने छापेमारी शुरु कर दी है।
वर्जन
मोहांव मर्डर केस में बकराबाद ग्राम प्रधान संजय बिंद नामजद और दो-तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस टीमें दबिश डाल रही हैं। बहुत जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जायेगा। अनिल कुमार-सीओ सिटी