लखनऊ से हिंदी एवं उर्दू में एकसाथ प्रकाशित राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्र
ताजा समाचार

समाचार विवरण

डेली न्यूज़ एक्टिविस्ट

मीडिया हाउस, 16/3 'घ', सरोजिनी नायडू मार्ग, लखनऊ - 226001
फ़ोन : 91-522-2239969 / 2238436 / 40,
फैक्स : 91-522-2239967/2239968
ईमेल : dailynewslko@gmail.com
ई-पेपर : http://www.dailynewsactivist.com

कांग्रेस भुगत रही क्षेत्रीय नेताओं की अनदेखी का खामियाजा
कांग्रेस भुगत रही क्षेत्रीय नेताओं की अनदेखी का खामियाजा
फिरदौस खान    17 Apr 2017       Email   

आजादी के बाद देश पर सबसे लंबे अरसे तक एकछत्र शासन करने वाली कांग्रेस प्रदेशों में क्षेत्रीय नेताओं को आगे करके खुद को मजबूत बना सकती है। सियासत में राष्ट्रीय नेताओं के साथ-साथ क्षेत्रीय नेताओं का भी अपना वजूद हुआ करता है। क्षेत्रीय नेता अपने इलाके से जुड़े होते हैं। उन्हें मालूम होता है कि जमीनी हकीकत क्या है, जनता की बुनियादी जरूरतें क्या हैं, जनता क्या चाहती है, उनकी पार्टी से जनता को क्या उम्मीदें हैं।
दरअसल, क्षेत्रीय नेताओं को नजरअंदाज करना कांग्रेस के लिए काफी नुकसानदेह साबित हुआ है। हाल-फिलहाल की बात करें तो कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय नेताओं को नजरअंदाज करके राज बब्बर को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। इसी तरह उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी भी दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीली दीक्षित को सौंप दी। बेशक शीला दीक्षित प्रभावशाली नेत्री हैं। वे लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं। उन्होंने दिल्ली के विकास के लिए बहुत काम किए। उन्हें सियासत में प्रशासन और संसदीय कामों का खासा अनुभव है। वे केंद्र में मंत्री भी रही हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के लिए वे बाहरी थीं।
ऐसा नहीं है कि कांग्रेस ने पहली बार क्षेत्रीय नेताओं को नजरअंदाज किया है। इससे पहले भी ऐसा हो चुका है। कांग्रेस छोड़कर कई नेताओं ने बाद में अपने सियासी दल बनाए और कांग्रेस को खुली चुनौती दी। कई नेता दूसरे सियासी दलों में शामिल होकर कांग्रेस के लिए मुसीबत का सबब बने। साल 1982 में तत्कालीन कांग्रेस के महासचिव राजीव गांधी ने आंध्र प्रदेश के कद्दावर नेता टी. अंजैय्याह पर टिप्पणी की थी और बाद में उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। उनके बाहर होने से कांग्रेस की हालत लगातार कमजोर होती गई। उसी साल वजूद में आई तेलगुदेशम पार्टी ने आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के प्रभाव को तकरीबन खत्म कर दिया।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी मतभेद की वजह से कांग्रेस छोड़कर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस नाम से अपना नया सियासी दल बना लिया था। कांग्रेस से अपने सियासी सफर की शुरुआत करने वाली साल 1984 में कोलकाता के जादवपुर लोकसभा क्षेत्र से साम्यवादी नेता सोमनाथ चटर्जी को हराने वाली ममता बनर्जी अखिल भारतीय युवा कांग्रेस की महासचिव भी रहीं। वे साल 1991 में नरसिम्हाराव की सरकार में वे मानव संसाधन, युवा कल्याण-खेलकूद और महिला-बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री भी रहीं। उन्होंने प्रस्तावित खेलकूद विकास योजना को सरकार से बहाली न मिलने पर इस्तीफा दे दिया। फिर साल 1996 में केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने अपनी ही सरकार द्वारा पेट्रोल की कीमत बढ़ाए जाने का विरोध किया था। इसी तरह महाराष्ट्र के कद्दावर नेता शरद पवार ने भी अपनी सियासी जिंदगी कांग्रेस से शुरू की थी। साल 1967 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर बारामती विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले शरद पवार, तारिक अनवर और पीए संगमा ने सोनिया गांधी के खिलाफ  आवाज उठाते हुए कहा था कि कांग्रेस पार्टी का प्रधानमंत्री उम्मीदवार भारत में जन्म लिया हुआ चाहिए, नकि विदेशी। फिर जून 1999 में ये तीनों कांग्रेस से अलग हो गए और उन्होंने नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी की स्थापना की। मगर जब 1999 के विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला तो उनकी पार्टी ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई। इंदिरा गांधी और उनके बेटे संजय गांधी के विश्वासपात्र माने जाने वाले हरियाणा के कद्दावर नेता चौधरी बंसीलाल ने साल भी 1996 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अलग होकर हरियाणा विकास पार्टी की स्थापना की थी। बंसीलाल सात बार राज्य विधानसभा चुनाव जीते थे। केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले बंसीलाल चार बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। बाद में उनके बेटे सुरेंद्र सिंह ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर लिया था।   
काबिलेगौर है कि सियासत में विश्वास पात्रों को साथ रखने का चलन है। इंदिरा गांधी ने हमेशा अपने पास उन लोगों को रखा, जिन्हें वे अपना विश्वासपात्र मानती थीं। इसी तरह राजीव गांधी ने भी अपने विश्वासपात्र अरुण नेहरू, अरुण सिंह, ऑस्कर फर्नांडिस और मणिशंकर अय्यर को अहमियत दी। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी ने भी ऐसा ही किया। उन्होंने अहमद पटेल, जनार्दन द्विवेदी और अंबिका सोनी को अपने करीब रखा। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता हाशिये पर चले गए, जिनमें अर्जुन सिंह, सीताराम केसरी, माखनलाल फोतेदार और नारायण दत्त तिवारी के नाम लिए जा सकते हैं। अब राहुल गांधी भी इसी परंपरा को निभा रहे हैं, लेकिन उनके साथ परेशानी यह है कि उनके चहेते नेता लोकप्रिय नहीं हैं। वे न तो भीड़ जुटा पाते हैं और न ही भीड़ को वोटों में तब्दील कर पाते हैं। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले संजय निरुपम, सीपी जोशी, मधुसूदन मिस्त्री, अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण और मोहन प्रकाश जैसे नेता जनमानस में कोई असर नहीं छोड़ पाते।
इसमें कोई दो राय नहीं है कि कांग्रेस दो गुटों में बंटी नजर आ रही है। एक तबका सोनिया गांधी के साथ और दूसरा राहुल गांधी के साथ खड़ा दिखाई देता है। कांग्रेस के साथ के नेता प्रभावशाली हैं, लेकिन राहुल गांधी के साथ के नेता बिना जनाधार वाले हैं। प्रदेशों में भी कांग्रेस नेताओं के अपने-अपने गुट हैं। ऐसे में जरूरत है कि वरिष्ठ नेताओं के सलाह-मशविरे के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय नेताओं के हाथों में प्रदेशों की कमान सौंपी जाए। कांग्रेस के पास ऐसे बहुत से युवा चेहरे हैं, जिन्हें आगे करके पार्टी अपनी खोई जमीन हासिल कर सकती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व मध्य प्रदेश के गुना से कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने में अहम किरदार अदा कर सकते हैं। राजघराने से ताल्लुक रखने वाले सिंधिया आम लोगों मिलते-जुलते हैं। उन्होंने मंत्री रहते हुए कभी अपनी गाड़ी में लालबत्ती नहीं लगाई। उनमें नेतृत्व क्षमता है। वे जन मुद्दे उठाने में आगे रहते हैं। इतना ही नहीं वे भाजपा नेताओं के हर हमले का उन्हीं के अंदाज में जवाब देना भी जानते हैं। मगर मध्य प्रदेश में कांग्रेस दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और सुरेश पचौरी आदि गुटों में बंटी नजर आती है। केंद्र में मंत्री रहे जितिन प्रसाद को उत्तर प्रदेश में शांतिप्रिय और विकासवादी राजनीति के लिए जाना जाता है। उनके पिता जितेंद्र प्रसाद तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पीवी नरसिम्हा राव के सियासी सलाहकार रहे हैं। आरपीएन सिंह भी केंद्र में मंत्री रहे हैं। पिछले दिनों पांच राज्यों में हुए चुनाव इस बात का सबूत हैं कि जहां-जहां क्षेत्रीय नेताओं के हाथ में पार्टी की कमान थी, वहां कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया। कांग्रेस को अपने संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने के लिए राज्यों में क्षेत्रीय नेताओं को आगे लाना ही होगा।






Comments

अन्य खबरें

कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र के साथ मिलकर होगी अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता
कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र के साथ मिलकर होगी अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता

नयी दिल्ली।  नयी दिल्ली स्थित कोरियाई सांस्कृतिक केन्द्र, भारत एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के सहयोग से 17 मई से 'अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता 2024' आयोजित करने जा रहा है। कोरियाई

मिसाइल आधारित स्मार्ट टारपीडो का सफल परीक्षण
मिसाइल आधारित स्मार्ट टारपीडो का सफल परीक्षण

नई दिल्ली।  रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन(डीआरडीओ) ने नई पीढ़ी की मिसाइल आधारित हल्की टारपीडो प्रणाली स्मार्ट का बुधवार को सफल परीक्षण किया। ओड़िशा के तटीय क्षेत्र में डॉक्टर एपीजे

कोविड-कोविशील्ड: उच्चतम न्यायालय में याचिका, दुष्प्रभावों की जांच की मांग
कोविड-कोविशील्ड: उच्चतम न्यायालय में याचिका, दुष्प्रभावों की जांच की मांग

नई दिल्ली।  कोविशील्ड वैक्सीन के कथित दुष्प्रभावों की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक की अध्यक्षता

कल अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगी राष्ट्रपति मुर्मु
कल अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगी राष्ट्रपति मुर्मु

नयी दिल्ली।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन तथा पूजा अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी कर