लखनऊ से हिंदी एवं उर्दू में एकसाथ प्रकाशित राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्र
ताजा समाचार

समाचार विवरण

डेली न्यूज़ एक्टिविस्ट

मीडिया हाउस, 16/3 'घ', सरोजिनी नायडू मार्ग, लखनऊ - 226001
फ़ोन : 91-522-2239969 / 2238436 / 40,
फैक्स : 91-522-2239967/2239968
ईमेल : dailynewslko@gmail.com
ई-पेपर : http://www.dailynewsactivist.com

समाज सिर्फ  बाजार नहीं है
समाज सिर्फ बाजार नहीं है
योगेश मिश्र    09 Jul 2017       Email   

साहित्य और सिनेमा कला के बेजोड़ माध्यम हैं। उनकी प्रकृति, रचना विधान, अलग होने की वजह से असर अलग होता है। अपने आरंभिक काल में सिनेमा ने साहित्य और समाज से ही घटनाएं और चरित्र उठाए। सिनेमा साहित्य का भावानुवाद नहीं है, पर आइडिया का आपूर्तिकर्ता जरूर है। यही वजह है कि प्रेमचंद, फणीश्वरनाथ रेणु, शरदचंद्र, कमलेश्वर, राही मासूम रजा, भगवतीचरण वर्मा, मनोहर श्याम जोशी जैसे लेखकों के साहित्य से आकृष्ट होकर सिनेमा समृद्ध हुआ। सिने जगत में जाकर भी कई साहित्यकार वापस लौट आए, क्योंकि सिनेमा का काम व्यवसाय के बिना नहीं चल सकता है। 
सिनेमा और व्यवसाय के इसी रिश्ते के चलते फिल्मों ने समाज और साहित्य से कच्चा माल लेने की प्रक्रिया को बाधित किया। उसकी जगह फैंटेसी लेने लगी। आभासी दुनिया की तरह वहां भी एक बिना धरातल की ऐसी दुनिया बुनी गई, जिसके तर्क और प्रमाण भले न हों, पर दृश्य-श्रव्य उपस्थिति जरूर थी। उसने कल्पना लोक में जाकर समाज और साहित्य के लिए अनंत द्वार खोलने की शुरुआत कर दी। हालांकि साहित्य ने सिनेमा के इस संभावना का साथ देने से हाथ खड़े कर दिए, पर विविधता भरे समाज में बेसिर-पैर की संभावनाओं के लिए जमीन मिलने लगी। इसमें किसी भी तरह धन अर्जित करने और शोहरत पाने की अदम्य लालसा का बेरोकटोक प्रवाह है। इस तरह बिखरी हुई दमित इच्छाओं को कैश कराने का काम सिनेमा करने लगा।  
बीते दिनों अपनी कई फिल्मों के मार्फत शोहरत कमा चुके निर्माता-निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने दस मिनट का एक वीडियो यू-ट्यूब पर लांच किया। इसमें एक बेटी अपने माता-पिता से पोर्न स्टार सनी लियोन बनने की बाबत जिरह करती हुई दिखती है। लड़की का तर्क है कि जैसे उसका पिता असिस्टेंट मैनेजर है, सरकारी कर्मचारी है, सरकारी दफ्तर में काम करता है, मां हाउसवाइफ  होकर घर की देखभाल करती है, अंकल डॉक्टर हैं, दीदी टीचर है, पड़ोसी पायलट है, वैसे ही सनी लियोन एक पोर्न स्टार है। वह करोड़ों लोगों का इंटरटेनमेंट करती है। उसका काम थोड़ी देर के लिए करोड़ों लोगों को खुशी देना है। लड़की अपने मां-बाप को कहती है कि जिंदगी का सच है कि कुछ कमाना है तो कुछ बेचना होगा। कोई कला बेचता है, कोई मेहनत बेचता है, उसी तरह सनी लियोन सेक्स अपील बेचती है। इस छोटी-सी फिल्म की बिंदास लड़की अपने मां-बाप को समझाती है कि उसकी सेक्सुअलिटी उसकी प्रापर्टी है, अमानत है, उसकी पावर है। उसे वह शान से इस्तेमाल करना चाहती है। लड़की का मानना है कि मकसद तक पहुंचना मकसद नहीं होता, वहां तक पहुंचने की कोशिश में भी जिंदगी का एक मतलब मिलता है। वह औरत की सबसे बड़ी वैल्यू सुंदरता और सेक्स मानती है। वह अपने मां-बाप से कहती है कि सौ करोड़ में कोई एक नहीं, जो सनी लियोन को न जानता हो। मां-बाप उसके इस पागलपन को दिशा देने के लिए समझाते हैं- तुमसे शादी कौन करेगा, औरत तो मां, बेटी, नानी, दादी बहन बहुत कुछ होती है, सिर्फ  सेक्स नहीं होती। पर सनी लियोन बनने की हर हद पार करने को तैयार की गई रामगोपाल वर्मा का यह चरित्र अपनी मां को नसीहत देती नजर आती है। यू-ट्यूब पर इस फिल्म को 44 लाख 57 हजार 283 लोगों ने देखा है। लोकतंत्र की भाषा में इसे खारिज किया जा चुका है। 25 हजार 193 लोगों ने डिसलाइक कर दिया है, जबकि सिर्फ  20 हजार 560 लोगों ने लाइक किया है। आभासी दुनिया का यह आंकड़ा बताता है कि सनी लियोन बनने की चाहत स्वीकार्य नहीं है। इस फिल्म में रियलाइजेशन से अधिक विजुअलाइजेशन पर जोर है। फिल्म भी सनी लियोन बनने की चाहत वाली लड़की की तरह शोहरत और पैसा बटोरने की कोशिश करती दिखती है। गौरतलब है कि हम एक ऐसे देश में रहते हैं जिसके राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने साध्य और साधन दोनों की पवित्रता की बात कही थी। आखिर शरीर सिर्फ  चीज नहीं है और समाज सिर्फ  बाजार नहीं है। भारत में कोई भी रामगोपाल वर्मा के चरित्र वाली लड़की के मानिंद सोच ही नहीं सकता। हमारे यहां लक्ष्मी को चंचला कहा गया है। आखिर सनी लियोन बनने की ख्वाहिश में जुटाई गई संपत्ति कबतक काम आएगी। अगर सनी लियोन बनना या फिर रामगोपाल वर्मा के चरित्र की तरह अपनी सेक्सुअलिटी का इस्तेमाल करना जीवन का स्थाई भाव होता तो सनी लियोन पोर्न स्टार ही क्यों नहीं रह जाती। क्यों वह खुद अमेरिका से होती हुई भारत आती। 
इन्डो कैनेडिया अमेरिकन पोर्न स्टार सनी लियोन का असली नाम केरनजीत कौर वोहरा है। कहा जाता है कि जर्मन बेकरी में नौकरी के पहले आरेंज काउंटी से उसने नर्स का कोर्स किया। जब उसकी जिंदगी के सारे रास्ते बंद हो गए तो मंट एरिक्सन के साथ रिश्ते बनाए। उसके साथ जब रिश्ते खत्म हुए तो उसने कामेडियन रसल पीटर्स के साथ गर्मजोशी से नए रिश्तों को अंजाम दिया। 2011 से डिनाइयल से शादी की। पोर्न फिल्म कंपनी विविड एंटरटेनमेंट के साथ उसका अनुबंध हुआ। उसने अपनी कंपनी एलएलसी के काम शुरू किए। उसकी साइट पर 80 फीसदी लोग भारत से आते हैं और आमदनी का 60 फीसदी हिस्सा भारत से आता है। यही सोचकर सनी ने भारत की ओर रुख किया, जहां महेश भट्ट ने उसे जिस्म-2 फिल्म में काम दिया। एकता कपूर की रागनी एमएमएस-2 में भी उसे काम मिला। शूटआउट ऐट वडाला का गाना लैला तेरी... ने भी सनी लियोन को शोहरत दिलाई। 2013 में सनी लियोन ने पोर्न इंडस्ट्री को अलविदा कर दिया। फेसबुक पर डेढ़ करोड़ और ट्विटर पर 21 लाख लोग आज उसके फालोवर हैं। 
यह फिल्म के समाज से निरंतर अलग हो रहे रिश्तों का ही तकाजा है कि जब सनी लियोन पोर्न इंडस्ट्री छोड़ चुकी हो, तब रामगोपाल वर्मा को एक लड़की को सनी लियोन बनाने का सपना सूझता है। सनी लियोन अमीर पोर्न स्टार की सूची में 19वें स्थान से ऊपर नहीं पहुंच पाई। रामगोपाल वर्मा के लिए सनी लियोन एक फैंटेसी हो सकती है, क्योंकि महिला दिवस के मौके पर अपने एक ट्वीट में उन्होंने यह लिखा था कि वह चाहते हैं कि सभी महिलाएं अपने पतियों को उसी प्रकार सुख दें, जैसी सनी लियोन दे रही है। सनी लियोन और उनके पति के बीच के सुख का पैमाना रामगोपाल वर्मा नहीं तय कर सकते हैं। हालांकि अब रामगोपाल वर्मा ट्वीटर से अलग हैं। उन्होंने यह फैसला करते हुए लिखा कि मैं अपनी दुनिया बदलना चाहता था, यह तभी हो सकता था जब मैं खुद को इन चीजों से अलग कर लेता। 
रामगोपाल वर्मा को जानना चाहिए कि सायना नेहवाल, सानिया मिर्जा, पीवी सिंधू, मिताली राज भी शोहरत और दौलत के रास्ते हैं। शरीर पर सिर्फ  उसी का हक नहीं होता, जिसकी शरीर होता है क्योंकि उसके निर्माण में और लोगों का भी योगदान होता है। स्त्री के लिए देह को आनंद का माध्यम मानना, अपने फैसले खुद लेना गलत नहीं है, पर शरीर और सेक्स को बेचकर कैरियर बनाने को सही नहीं ठहराया जा सकता है। आदमी के लिए सबकुछ निजी नहीं होता, बहुत कुछ सामाजिक भी होता है। 
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं) 






Comments

अन्य खबरें

कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र के साथ मिलकर होगी अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता
कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र के साथ मिलकर होगी अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता

नयी दिल्ली।  नयी दिल्ली स्थित कोरियाई सांस्कृतिक केन्द्र, भारत एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के सहयोग से 17 मई से 'अखिल भारतीय के-पॉप प्रतियोगिता 2024' आयोजित करने जा रहा है। कोरियाई

मिसाइल आधारित स्मार्ट टारपीडो का सफल परीक्षण
मिसाइल आधारित स्मार्ट टारपीडो का सफल परीक्षण

नई दिल्ली।  रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन(डीआरडीओ) ने नई पीढ़ी की मिसाइल आधारित हल्की टारपीडो प्रणाली स्मार्ट का बुधवार को सफल परीक्षण किया। ओड़िशा के तटीय क्षेत्र में डॉक्टर एपीजे

कोविड-कोविशील्ड: उच्चतम न्यायालय में याचिका, दुष्प्रभावों की जांच की मांग
कोविड-कोविशील्ड: उच्चतम न्यायालय में याचिका, दुष्प्रभावों की जांच की मांग

नई दिल्ली।  कोविशील्ड वैक्सीन के कथित दुष्प्रभावों की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक की अध्यक्षता

कल अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगी राष्ट्रपति मुर्मु
कल अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगी राष्ट्रपति मुर्मु

नयी दिल्ली।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन तथा पूजा अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी कर