मुंबई। बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने एक बार फिर देश का नाम रोशन कर दिया है। दीपिका हॉलीवुड की मशहूर वॉक ऑफ फेम लिस्ट में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बन गई हैं। खास बात ये है कि ये सम्मान उन्हें हाल ही में मां बनने के बाद मिला है, जिससे ये पल और भी खास बन गया है।
2026 की लिस्ट में दीपिका का नाम
हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम 2026 की लिस्ट में दीपिका को मोशन पिक्चर्स कैटेगरी में चुना गया है। इस साल लिस्ट में कुल 35 अंतरराष्ट्रीय सितारों के नाम हैं, जिनमें टिमोथी चालमेट, डेमी मूर, राशेल मैकऐड्म्स और रामी मालेक जैसे बड़े हॉलीवुड स्टार्स भी शामिल हैं।
आलिया और प्रियंका को दी मात
दीपिका ने इस उपलब्धि के साथ आलिया भट्ट, कियारा आडवाणी, रश्मिका मंदाना जैसी नई एक्ट्रेसेस के अलावा प्रियंका चोपड़ा जैसी इंटरनेशनल स्टार को भी पीछे छोड़ दिया है।
हॉलीवुड में भी छाप छोड़ी
दीपिका ने सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं, हॉलीवुड में भी अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाया है। उन्होंने फिल्म XXX: रिटर्न ऑफ जेंडर केज से इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अब वॉक ऑफ फेम में शामिल होकर उन्होंने दुनियाभर में अपनी पहचान और मजबूत कर ली है।
पहले भी मिलीं कई इंटरनेशनल उपलब्धियां
2018 में दीपिका को टाइम मैगजीन ने दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में गिना था। इसके अलावा उन्होंने TIME100 इम्पैक्ट अवॉर्ड जीता और फीफा वर्ल्ड कप 2022 फाइनल में ट्रॉफी पेश करने का मौका भी मिला।
लग्जरी ब्रांड्स की पसंदीदा
दीपिका लुई विटॉन और कार्टियर जैसे इंटरनेशनल लग्जरी ब्रांड्स की ब्रांड एंबेसडर भी हैं। ये किसी भी भारतीय एक्ट्रेस के लिए बहुत बड़ी बात मानी जाती है।
आने वाली फिल्में
दीपिका आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगी। इनमें एटली के निर्देशन में बन रही एक फिल्म भी शामिल है। इसके अलावा वो अपनी प्रोडक्शन कंपनी के जरिए भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं।
क्या है वॉक ऑफ फेम?
हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम एक खास सम्मान है, जिसमें उन कलाकारों को स्टार दिया जाता है जिन्होंने अपने काम से पूरी दुनिया में खास पहचान बनाई हो। इसका हिस्सा बनना किसी भी कलाकार के लिए बहुत बड़ा सम्मान होता है।