वाराणसी... भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) के 14वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 16 अक्तूबर को होगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) के सचिव डॉ. वी. नारायणन उपस्थित रहेंगे।
प्रख्यात भारतीय क्रायोजेनिक इंजीनियर और रॉकेट वैज्ञानिक डॉ. नारायणन ने देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार होंगे। श्री मजूमदार उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में अपनी दूरदर्शिता और नवाचार दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उनका प्रमुख उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करना रहा है।
यह दीक्षांत समारोह संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और तकनीकी नवाचारों को उत्सव के रूप में मनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।