नई दिल्ली .... गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में 2027 का चुनावी बिगुल फूंक दिया है। मोगा में बदलाव रैली में पहुंचे गृह मंत्री ने केसरी रंग की पगड़ी पहनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पगड़ी देश पर गुरुघर के कर्ज का प्रतीक है। शाह ने यह भी कहा कि 2027 में भाजपा पंजाब में सरकार बनाएगी। शाह के इस बयान से स्पष्ट हो गया कि अकाली दल से गठबंधन के अभी कोई आसार नहीं हैं। शाह ने वादा किया कि बीजेपी की सरकार बनी तो 2 साल में ही नशे को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।
शाह ने ये भी कहा कि पंजाब में कॉमेडी करने वाला सीएम नहीं बल्कि काम करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए। शाह ने पंजाब सीएम भगवंत मान को आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का एटीएम बताया। उन्होंने कहा कि अगर बंटवारे के वक्त भाजपा की सरकार होती तो करतारपुर साहिब पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत में होता। वहीं शाह के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान पर अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा- मोस्ट वेलकम, हर पार्टी को अपने फैसले लेने का हक है। हम लोकसभा में भी अकेले लड़े थे। अकाली दल उसूल वाली पार्टी है। हमारे लिए पंजाब पहले है, हम यहां राज करने नहीं आते। पंजाब के लोगों की लड़ाई करने आते हैं। जो दिल्ली वाली पार्टियां हैं, वह यहां राज करने आती हैं। सुखबीर ने कहा कि इस बार पंजाब के लोग अकालियों को ही अकेले 100 सीटों पर जिताएंगे। गुरु तेग बहादुर न होते तो देश में कोई हिंदू न होताः गृहमंत्री ने कहा जो मेरे सिर पर जो पगड़ी दिख रही है, वह पूरे भारत पर गुरु घर के कर्ज का प्रतीक है। अमर बलिदानी गुरु तेग बहादुर जी हिंद की चादर कहे गए। उन्होंने कश्मीरी पंडितों की रक्षा के लिए अपना जीवन कुर्बान किया। मैं कहना चाहता हूं कि अगर गुरु तेग बहादुर न होते तो देश में कोई हिंदू बचा न होता। हम होते तो करतारपुर साहिब पंजाब में होताः शाह ने कहा- 1984 के सिख दंगों के खिलाफ हमारी सरकार ने 350 केस दर्ज किए। कांग्रेस ने एक भी नेता जेल में नहीं डाला। हमने डाला। हर सिख दंगा पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपए का मुआवजा हमारी सरकार ने दिया। अफगानिस्तान और पाकिस्तान से जो सिख बचकर आए, उन्हें नागरिकता हमने दी। करतापुर कोरिडोर हमने बनाया। जब बंटवारा हुआ, हम उस समय होते तो करतारपुर साहिब को जाने न देते। शाह ने कहा आप में नशे का कारोबर खत्म करने की दमखम नहीं है। कांग्रेस और अकाली पहले भी थे। यह केवल बीजेपी ही रोक सकती है। हमने कहा था कि धारा-370 हटा देंगे, हटा दिया। देश को नक्सल मुक्त कर दिया। आप फरवरी में हमें आशीर्वाद दे दीजिए, दो साल में हम मूल समेत नशे के कारोबार को उखाड़कर फेंक देंगे। शाह ने कहा आप ने 25 लाख नौकरियों का वादा किया था, मिली है क्या? 4 महीने में नशा मुक्त पंजाब बन गया क्या? 16 हजार दवा खाने खोलने थे, खुले गए क्या? 16 मेडिकल कॉलेज बनाने थे, बन गए? सभी फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया था। पूरा हुआ क्या? सिख दंगों में 5 लाख मुआवजा देने का वादा किया था। वह भी नहीं कर पाए।