नयी दिल्ली ..... अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पश्चिम एशिया की स्थिति और विशेष रूप से हार्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री जहाज़ों के सुरक्षित आवागमन के बारे में चर्चा की।
श्री ट्रंप के साथ बातचीत के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ बातचीत के दौरान द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी बातचीत हुई।
श्री मोदी ने कहा, " मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फ़ोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हासिल की गई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित बनाए रखने के महत्व पर ज़ोर दिया।"
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता के असफल होने के बाद श्री मोदी और श्री ट्रंप के बीच पहली बार बातचीत हुई है और इसे पश्चिम एशिया की स्थिति के संदर्भ में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।