नयी दिल्ली.... अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि पाकिस्तान परमाणु परीक्षण कर रहा है और दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध होने से रुकवाया था।
श्री ट्रंप ने सीबीएस न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका भी परमाणु परीक्षण करेगा क्योंकि रूस, चीन तथा उत्तर कोरिया जैसे देश भी परमाणु परीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भी परमाणु परीक्षण कर रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया है कि उन्होंने आठ युद्ध रूकवाये हैं और भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध होने से रूकवाया। श्री ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को मई में सैन्य संघर्ष रोकने के लिये मजबूर किया था और इसके लिए उन्होंने भारत को व्यापार रोकने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा, "हमारी धरती पर नौ युद्ध चल रहे थे। मैंने उनमें से आठ हल कर लिए हैं। मुझे एक और हल करना है, रूस-यूक्रेन युद्ध।"
श्री ट्रंप ने कहा, "कई मामलों में, 60 प्रतिशत मामलों में, मैंने कहा अगर आप लड़ाई बंद नहीं करेंगे, तो मैं आप दोनों देशों पर आयात शुल्क लगा दूंगा और आप अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएंगे..."
उन्होंने कहा, "हमारे पास किसी भी अन्य देश से ज़्यादा परमाणु हथियार हैं। रूस दूसरे नंबर पर है। चीन काफ़ी दूर तीसरे नंबर पर है, लेकिन पांच साल में वे बराबरी पर आ जाएंगे। आप जानते हैं, वे तेज़ी से परमाणु हथियार बना रहे हैं, और मुझे लगता है कि हमें परमाणु निरस्त्रीकरण के बारे में कुछ करना चाहिए, जो कि कुछ-- और मैंने वास्तव में राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति शी, दोनों के साथ इस पर चर्चा की थी। परमाणु निरस्त्रीकरण एक बहुत बड़ी बात है। हमारे पास दुनिया को 150 बार उड़ाने के लिए पर्याप्त परमाणु हथियार हैं। रूस के पास बहुत सारे परमाणु हथियार हैं, और चीन के पास भी बहुत होंगे। उनके पास कुछ हैं।"