नई दिल्ली ... राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों के मुलाकात की और कहा कि वे आज युवा पीढ़ी की लड़कियों के लिए रोल मॉडल बन गई हैं, इससे उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्ररेणा मिलेगी। आज यहां राष्ट्रपति भवन में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ियों ने ट्रॉफी लेकर राष्ट्रपति मुर्मू के साथ फोटो खिंचवाई। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने राष्ट्रपति को खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली टी-शर्ट भेंट की। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘आप युवा पीढ़ी, विशेषकर लड़कियों के लिए रोल मॉडल बन गई हैं, इससे वह जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी। राष्ट्रपति ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हर सदस्य को बधाई दी और कहा कि उन्होंने क्रिकेट विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। देश और विदेश में लाखों भारतीय इस जीत का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह टीम भारत को दिखाती है। वे अलग-अलग क्षेत्रों, अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि, अलग-अलग परिस्थितियों का प्रतिनिधित्व करती हैं। लेकिन वे एक टीम हैं भारत। यह टीम भारत को उसके सबसे अच्छे रूप में दिखाती है। मुर्मू ने कहा कि टीम ने सात बार की विश्व चैंपियन और उस समय तक अजेय रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को सेमीफाइनल में हराकर सभी भारतीयों का अपनी काबिलियत पर विश्वास मजबूत किया है।