नयी दिल्ली 20 मई .... केंद्र सरकार ने कोविड टीकाकरण की धीमी गति पर चिंता व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ‘हर घर दस्तक’ अभियान को तेजी से चलाना चाहिए।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में सचिव राजेश भूषण ने यहां वीडियो कांफ्रेंस के जरिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक समीक्षा बैठक की और कोविड स्थिति का जायजा लिया। बैठक के दौरान श्री भूषण ने कहा कि कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड टीकाकरण की गति धीमी है और इसमें तेजी लायी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को ‘हर घर दस्तक’ पर जोर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण के लिए किसी विशेष दस्तावेज पर जोर नहीं दिया जाना चाहिए। बैठक में स्वास्थ्य सचिवों और राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के महाप्रबंधक ने भाग लिया।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने देश भर में कोविड टीकाकरण के लिए एक गहन ‘मिशन मोड’ की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जून-जुलाई के दौरान दो महीने के लिए ‘हर घर दस्तक’ अभियान की योजना बनायी जानी चाहिए। ये योजना जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर बनायी जा सकती है। इसमें वृद्धाश्रमों, स्कूलों और कॉलेजों को शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए एक स्पष्ट और प्रभावी रणनीति पर जोर दिया और कहा कि काेविड टीका एक अनमोल राष्ट्रीय संसाधन है और इसकी बर्बादी नहीं होनी चाहिए।