नयी दिल्ली, ..... दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने यमुना नदी की सफाई को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार यमुना मां के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है।
डॉ. कुमार ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सिर्फ नाव लेकर घूम रहे हैं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता क्रूज़ चलाने की बात कर रही हैं, लेकिन वज़ीराबाद से कालिंदी कुंज तक यमुना की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। झाग और गंदगी पहले से ज्यादा हो गयी है और सरकार ने अब तक एक भी नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) नहीं लगाया है।
उन्होंने कहा कि जहां गंदे नाले यमुना में गिरते हैं, उनके मुहानों पर एक भी सीवेज शोधन संयंत्र नहीं लगाया गया है। सरकार केवल आरती उतारने, क्रूज़ चलाने और फोटो खिंचवाने में व्यस्त है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज यमुना में जो थोड़ा बहुत साफ पानी दिख रहा है, वह सिर्फ बारिश का असर है।