मेष : (अ,चू,चे,चो,ला,ली,लु,ले,लो) यह सप्ताह सामान्य रहेगा। जॉब वाले लोगों को अपनी दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अधिक लापरवाही की वजह से स्वास्थ्य की समस्या हो सकती है। कुछ लोगों का राजकीय कार्यों में फंसा हुआ पैसा मिलने की संभावना है। वाहन आदि के प्रयोग में सावधानी अपेक्षित है। नवयुकों को किसी कारणवश तनाव हो सकता है। महिलाओं को परिवार की ओर से सुख व सहयोग प्राप्त होगा, इससे उनके मन में उत्साह पैदा होगा। कोर्ट-कचहरी से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। शुभ दिन-शुक्रवार, शुभ रंग-ग्रे, सफलता का सूत्र-गणेश जी की वंदना करें।
वृष : (इ,उ,ए,ओ,व,वी,वु,वे,वो) लोगों को व्यावसायिक अनुबंध करने से पूर्व जांच-परख लें अन्यथा बाद में हानि होने के संकेत नजर आ रहे हैं। पिता व पुत्र में कुछ बातों को लेकर टकराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। स्वास्थ्य पर ध्यान दें। पड़ोसियों से इस वक्त मधुर संबंध बनाए रखने की आवश्यकता है। बच्चों को इस समय अकेला न छोड़ें, वरना गुम होने की आशंका नजर आ रही है। महिलाएं अतीत को भूलकर वर्तमान के बारे में सोचें तो हितकर रहेगा। कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह ठीक रहेगा। शुभ दिन-शनिवार, शुभ रंग-नारंगी, सफलता का सूत्र-गायत्री मंत्र का पाठ करें।
मिथुन : (क,का,कु,के,को,घ,ड़,हा,छ) निकटतम व्यक्तियों से शाब्दिक अव्यवहार न करें अन्यथा आपके कार्यों में बाधा पहंुच सकती है। समय की उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। जीवन साथी के स्वास्थ्य को लेकर मन थोड़ा चिंतित हो सकता है। नवयुवक कोई भी कार्य जल्दबाजी में न करें, अन्यथा हानि के संकेत नजर आ रहे हैं। महिलाओं को अपने कार्य स्वयं करने चाहिए, दूसरों के सहारे पर छोड़े गए काम अधूरे ही रह जाएंगे। छात्रों को अपने खानपान पर इस समय विशेष ध्यान देने की जरूरत है वरना स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। पेट्रोल या पानी आदि के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए सप्ताह ठीक नहीं रहेगा। शुभ दिन-रविवार, शुभ रंग-नीला, सफलता का सूत्र-शिवाष्टक का पाठ करें।
कर्क : (ही,हु,हे,हो,डा,डी,डु,डे,डो) अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने की आवश्यकता है। जीवन में अंधकार को दूर करने के लिए प्रकाश की एक किरण ही काफी है। योजाना बनाने भर से काम नहीं चलेगा, उस पर अमल भी करना पड़ेगा। नवयुक क्रोध पर नियंत्रण रखें। व्यवसायी वर्ग के लोग दूरदर्शी सोच से लाभ कमा सकते हैं। कुछ लोगों को जीविका के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है। आय-व्यय में समानता बनी रहेगी। महिलाएं दूसरे के कार्य का विरोध न करें अन्यथा स्वयं के कार्यों में व्यवधान आ सकता है। शिक्षा के व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए सप्ताह मध्यम रहेगा। शुभ दिन-सोमवार, शुभ रंग-सफेद, सफलता का सूत्र-विष्णु की आराधना करें।
सिंह : (मा,मी,मु,मे,मो,टा,टी,टू,टे) इस सप्ताह मानसिक ऊर्जा में वृद्धि होगी। कुछ ऐसे काम भी करने पड़ सकते हंै, जिन्हें करने की आपकी इच्छा नहीं होगी। पिता के स्वास्थ्य में गिरावट आ सकती है। आप सभी को अपने अनुसार काम करने की जो छूट दिए हुए हैं, उसके दूरगामी परिणाम बेहतर नहीं होंगे और एक ऐसा समय आएगा जब लोग आपसे कन्नी काटने लगेंगे। अतः अपने व्यवहार में बदलाव लाने का प्रयास करें। ऑफिस वाली महिलाएं अपने को बंधन में महसूस करेंगी, जिससे वे बेहतर कार्य नहीं कर पाएंगी। मीडिया से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। शुभ दिन-शनिवार, शुभ रंग-फिरोजी, सफलता का सूत्र-कार्तिकेय की आराधना करें।
कन्या : (प,पा,पु,पी,पे,पो,ण,ट,टो) आप अपने जीवन में निरंतर संघर्ष से दुखी हो रहे हैं, पर याद रखिए कि संघर्ष ही सफलता का पर्याय है। युवक अपने प्यार की सीमा को निर्धारित करें, तभी अपने लक्ष्य का भेदन कर सकते हैं। व्यर्थ के तर्क-वितर्क में न पड़े अन्यथा तनाव हो सकता है। छात्र समय के रुख को देखकर निर्णय लें वरना मुसीबत में फंस सकते हैं। महिलाओं को रुके हुए धन के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। मार्केटिंग से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह लाभकारी रहेगा। शुभ दिन-मंगलवार, शुभ रंग-सफेद ,सफलता का सूत्र-शिव आराधना करें।
तुला : (रा,री,रू,रे,रो,ता,ती,ते,तु) यह सप्ताह चुनौतियों से भरा होगा। धैर्य व साहस का परिचय देना है। स्वयं के विवेक और दिल की बातों को तवज्जो दें। इष्ट मित्रों के साथ साहचर्य का भाव बानाए रखें। नवयुक अपराधी प्रवृत्ति के लोगों से दूरी बनाएं और याद रखें कि गेहूं के साथ घुन भी पिस जाते हैं। धन को लेकर मन चिंतित रह सकता है। महिलाएं किसी के बहकावे में न आएं अन्यथा वैवाहिक जीवन तबाह हो सकता है। छात्र अपने माता-पिता की बातों को कतई नजरअंदाज न करें। सोने-चांदी के बिजनेस से जुड़े लोगों का धंधा मंदा रहेगा। शुभ दिन-बुधवार, शुभ रंग-हरा, सफलता का सूत्र-मां सरस्वती की आराधना करें।
वृश्चिक : (तो,ना,नी,नू,ने,नो,या,यी,यू) समय को पहचानने का प्रयास करें। आप इन दिनों काफी ऊंचे ख्यालों में खोए रहेंगे, लेकिन कुछ कल्पनाएं मन को व्यथित कर सकती हैं। संतान के विवाह को लेकर काफी चिंतित रहेंगे। जीवन साथी के प्रति कुछ उदासीनता के भाव उत्पन्न हो सकते हैं। जरूरी कार्यों के प्रति लापरवाही उचित नहीं है। महिलाओं को समय की कमी बनी रहेगी। छात्र अपने मन से काम करें, न कि किसी की देखादेखी करें। बैंक अधिकारियों के लिए यह सप्ताह मुसीबत भरा रह सकता है। शुभ दिन-सोमवार, शुभ रंग-ब्लैक, सफलता का सूत्र-बजरंग बाण का पाठ करें।
धनु : (ये,यो,भा,भी,भे,भू,ध,फ,ढ़) परिवार के मामलों में लापरवाही न करें। हर व्यक्ति की काम करने की सीमा होती है, उसी के अनुसार काम का बोझ डालें। किसी भी योजना को बनाएं, पर उसे गुप्त रखना आवश्यक है। नए लोगों से जान-पहचान बढ़ेगी, जिससे आनेवाले समय में वे आपके काम आ सकते हैं। अस्थमा के रोगी अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें अन्यथा रोग हावी हो सकता है। महिलाओं के निजी संबंधों में मधुरता आएगी। छात्रों को जोखिम भरे कार्यों से बचने की जरूरत है। कवि, लेखक, साहित्य आदि से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह शुभ रहेगा। शुभ दिन-बुधवार, शुभ रंग-पीला ,सफलता का सूत्र-कात्यायनी की आराधना करें।
मकर : (भो,जा,जी,खी,खु,खे,खो,गा,गी) संघर्ष से प्राप्त सफलता का आनंद ही कुछ और होता है। जितना बड़ा संघर्ष होगा, उतनी बड़ी सफलता प्राप्त होगी, इसलिए संघर्ष करने से जी न चुराएं। आर्थिक समस्याओं से अभी कुछ दिन और जूझना पड़ सकता है। सामाजिक अवरोध आपके साहस को हिला नहीं पाएंगे। आपके कार्यों में प्रतिपल चुनौतियों का दौर चल रहा है और आप बेहतर तरीके से मुकाबला भी कर रहे हैं। संबंधों में सक्रियता व सजगता बनाए रखना हितकर रहेगा। मौसम का परिवर्तन स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है, अतः सावधानी बरतें। महिलाओं के अधिकारों में वृद्धि की संभावना है। सौंदर्य प्रसाधनों से जुड़े लोगों के लिए सप्ताह शुभकारी होगा। शुभ दिन-मंगलवार, शुभ रंग-नारंगी, सफलता का सूत्र-मां विंध्यवासिनी की स्तुति करें।
कुंभ : (गू,गे,गो,सा,सी,सू,से,सो,द) अपने कार्यों को लेकर घबराहट व बैचनी पर नियंत्रण की आवश्यकता है। हर काम का एक निर्धारित समय होता है, वह समय आने पर ही संपन्न होगा। अपने पद, स्थिति, प्राप्त जायदाद और सौदा आदि से संबंधित बातों को लेकर चिंतित न हों, समय आपके अनुकूल है। ससुराल पक्ष की ओर से कोई सुखद समाचार मिलने की संभावना नजर आ रही है। महिलाओं को घूमने-फिरने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। रोग से बचाव आवश्यक है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से संबंधित व्यवसाय करने वाले लाभान्वित होंगे। शुभ दिन-शुक्रवार, शुभ रंग-पीतांबरी, सफलता का सूत्र-आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें।
मीन : (दी,दू,थ,झ,दे,दो,चा,ची,चे) व्यर्थ की कल्पनाएं घेरे रहेंगी। सिर्फ कल्पना करने से काम नहीं चलेगा। कुछ बनना है तो उसके लिए कार्य करना पड़ेगा। किसी हानिप्रद घटना की आशंका से मन चिंतित रहेगा। आय की अपेक्षा व्यय अधिक होने से महिलाएं काफी परेशान रहेंगी। व्यवसाय व करियर में सफलता मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। महिलाएं किसी आवश्यक कार्य से यात्रा कर सकती हैं, परंतु अपने सामान की सुरक्षा पर खास ध्यान दें। फर्नीचर, टायल्स आदि से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह शुभकारी रहेगा। शुभ दिन-शनिवार, शुभ रंग-सफेद, सफलता का सूत्र-मां पार्वती की आराधना करें।