मास्को। रूस में बसमान जिला न्यायालय ने मास्को के उपनगरीय इलाके में एक कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार को हुए आतंकवादी हमले में शामिल तीन और लोगों की हिरासत की सोमवार को मंजूरी दे दी। हिरासत में लिए गए लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। इसमें इसरोइल इस्लोमोव और उसके दो पुत्र दिलोवर इस्लोमोव और अमिनचोन इस्लोमोव शामिल हैं। इन लोगों पर समूह आतंकवाद का आरोप है और उन्हें 22 मई तक हिरासत में रखा जाएगा। दोषी पाए जाने पर इन्हें आजीवन कारावास की सजा मिल सकती है।
जांच समिति के अध्यक्ष अलेक्जेंडर बैस्ट्रीकिन ने कहा कि इस्लोमोव ने आतंकवादियों को "रहने के लिए एक अपार्टमेंट, परिवहन के लिए एक कार और धन हस्तांतरित किया।" जांच के अनुसार इस्लोमोव भाइयों को 2024 की शुरुआत में आतंकवादी समूह में शामिल किया गया था। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों में कहा गया है कि इस्लोमोव का जन्म ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में हुआ था। इसरोइल के पास ताजिकिस्तानी नागरिकता और रूसी निवास परमिट है, जबकि दिलोवर और अमिनचोन दोनों रूसी नागरिक हैं और टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम करते हैं।
फिलहाल अमीनचोन ने आरोपों से इनकार किया है। रूस की संघीय सुरक्षा सेवा ने पहले आतंकवादी हमले से जुड़े 11 संदिग्धों की गिरफ्तारी की सूचना दी थी, जिनमें से चार ने हमले को अंजाम दिया था। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मास्को के उपनगरीय इलाके क्रोकस सिटी हॉल में आतंकवादी हमला हुआ था, जिसके कारण अब तक 139 लोगों की मौत हो गई और 182 घायल हुए हैं।