नामपेन्ह। कंबोडिया में परंपरागत नववर्ष की छुट्टियों के दौरान 13 से 16 अप्रैल के बीच सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 37 लोगों की मौत हुई है। बुधवार को यहां राष्ट्रीय पुलिस रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुर्घटनाओं में 88 अन्य घायल भी हुए हैं । चार दिनों की छुट्टियों के दौरान कुल 64 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। अधिकतर दुर्घटनाएं तेज़ गति , लापरवाही और नशे में गाड़ी चलाने के कारण हुई। कंबोडिया में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) और राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा समिति द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक रिपोर्ट के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं के कारण देश को प्रतिवर्ष लगभग 46.6 करोड अमेरिकी डॉलर का नुकसान होता है। रिपोर्ट के अनुसार 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में कुल 1,590 लोगों की जानें गयी है।