बलरामपुर। केंद्र सरकार का बजट अभूतपूर्व है। 2047 में भारत विकासशील देश में शामिल हो जाएगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में पेश बजट मील का पत्थर साबित होगा। यह बातें तुलसी पार्क स्थित अटल भवन कार्यालय पर आयोजित संगोष्ठी में शुक्रवार को मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह ने कही। मुख्य अतिथि ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के लिए कार्य कर रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 केन्द्रीय बजट विकसित भारत की गति को निर्धारित करने वाला है। देश की शक्ति उसकी भूमि में नहीं बल्कि लोगों में होती है। केन्द्रीय बजट चार प्रमुख इंजनों पर संचालित की गई है। कराधान, ऊर्जा क्षेत्र, शहरी विकास, वित्तीय क्षेत्र, नियामक सुधार एवं खनन रखा गया है। इस बजट का लक्ष्य एक व्यापक छह आयामी दृष्टिकोण पर आधारित है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज पर कर कटौती की सीमा की गई है। किराए पर टीडीएस की वापसी सीमा 2.40 लाख से बढ़ाकर 7 लाख कर दी गई है। वहीं मध्यम वर्ग में कर्मचारियों को 12 लाख तक की आय में कोई टैक्स नहीं देना पड़ेगा। यह एक बड़ा फैसला है। अन्नदाताओं के समग्र कल्याण के लिए प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना चलाई गई है। जिसमें 100 जिलों को चिन्हित कर कम उत्पादकता और कम बीमा कवरेज वाले कृषि जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें 1.7 करोड़ से अधिक अन्न दाताओं को लाभ मिलेगा। कृषि क्षेत्र में रोजगार की कमी को दूर करने के लिए एक व्यापक बहु क्षेत्रीय ग्रामीण समृद्धि और लचीलापन कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसमें कौशल विकास, निवेश एवं तकनीक के माध्यम से लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसी के साथ ही सब्जियों एवं फलों के उत्पादन को बढ़ावा देना, मखाना बोर्ड स्थापित किया जाना सहित तमाम चीजें बजट में शामिल हैं। विश्व स्तरीय शिक्षा के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाया जाएगा। युवाओं को उन्नत कौशल से लैस किया जाएगा। अगले पांच वर्षों में 50 हजार अटल टिंकरिंग प्रयोगशालाएं खोली जाएंगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ब्राड बैंड कनेक्टीविटी प्रदान की जाएगी। पांच राष्ट्रीय उत्कृष्टता केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। यह केन्द्र युवाओं को मेक इन इंडिया, मेक फार द वर्ल्ड के तहत आवश्यक कौशल से सशक्त बनाएंगे। मेडिकल कॉलेज की सीटों की संख्या में 130 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। वहीं अगले पांच वर्षों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 75 हजार नई सीटें जोड़ी जाएंगी। इसी तरह बजट में सभी वर्गों के कार्य किया गया है। इस दौरान सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, जिला महामंत्री वरुण सिंह मोनू, बिन्दु विश्वकर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ललिता तिवारी, जिला मंत्री अवधेश तिवारी तरुण, अजय मिश्र, रमेश पहवा, अंशुमान शुक्ल, जिला मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय, मनीष तिवारी समेत अनेक लोग मौजूद रहे।