मिर्जापुर। ट्रेन में यात्री की मौत की सूचना मिलते ही मौके पर जीआरपी और रेल विभाग के कर्मचारी पहुंच गए। जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में ले लिया गया। परिजनों के अनुसार, बैंककर्मी अपने होम टाउन में ट्रांसफर करवाना चाहता था, इसलिए वह परेशान था।
मुंबई मेल में सफर कर रहे यात्री की रविवार की रात भोजन करने के बाद तबीयत बिगड़ गई। रेलवे स्टेशन चुनार पहुंचने पर उसे सीएचसी चुनार ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पास मिले आधार कार्ड और मोबाइल से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने भोजन करने के बाद मौत होने की बात बताई।
झारखंड के विजौरा चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड निवासी सादाब आलम (24) पिछले तीन वर्ष से मुंबई के एचडीएफसी बैंक में बैंक पीओ के पद पर कार्यरत था। वह चार महीने पहले घर आया था। घर के पास की शाखा में स्थानांतरण कराने को लेकर परेशान था। झारखंड के हजारीबाग शाखा में स्थानांतण होने के बाद वह मुंबई में नौकरी छोड़कर मुंबई मेल से घर लौट रहा था।
रविवार रात को मिर्जापुर के पास ट्रेन पहुंचने पर उसने रेलवे से ऑर्डर किया हुआ भोजन किया। चुनार से पहले उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। चुनार स्टेशन पहुंचने पर वह अचेत हो गया। जीआरपी के लोग उसे चुनार चचेरी मोड़ अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जीआरपी ने आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के जरिये परिजनो को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सादाब के मामा मो. आजम और उसके मित्र पहुंचे। मामा ने बताया कि ट्रेन में रेलवे का भोजन करने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उसे कोई बीमारी नहीं थी। मौत की जांच होनी चाहिए।
जीआरपी प्रभारी चुनार रमाशंकर ने बताया कि मुंबई मेल ट्रेन में यात्री अचेत मिला था। उसे सीएचसी में मृत घोषित किया गया। अन्य यात्रियों से पूछने पर पता चला कि भोजन करने के बाद ही तबीयत बिगड़ी और वह अचेत हो गया। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण का पता चलेगा।